Jamshedpur : टाटानगर रेलवे इंजीनियरिंग विभाग ने अपनी बहुमूल्य जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए बड़ा कदम उठाया है। स्टेशन को वर्ल्ड क्लास बनाने की दिशा में 22 और 28 अप्रैल को विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान बर्मामाइंस और गुदरी बाजार क्षेत्र में अवैध रूप से बने निर्माणों को ध्वस्त किया जाएगा।रेल प्रशासन के मुताबिक, लंबे समय से इन इलाकों में कब्जा होने के कारण विकास योजनाएं प्रभावित हो रही थीं। अब इन अतिक्रमणों को हटाकर स्टेशन के आधुनिकीकरण कार्यों को गति दी जाएगी।
कड़े सुरक्षा इंतजाम, मजिस्ट्रेट तैनात
अभियान की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की है। साथ ही बागबेड़ा और बर्मामाइंस थाना पुलिस के अलावा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की तैनाती की गई है। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि किसी भी विरोध से सख्ती से निपटा जाएगा।पार्किंग और सड़क विस्तार की योजनारेलवे का कहना है कि स्टेशन को वर्ल्ड क्लास बनाने के तहत पार्किंग का विस्तार और नई सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है। अतिक्रमण हटने से यातायात व्यवस्था सुधरेगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
रेलवे ने जारी कर दी है नोटिस
प्रशासन के अनुसार, कब्जाधारियों को पहले ही नोटिस देकर खुद से हटने का पर्याप्त समय दिया गया था। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने पर अब बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन की चेतावनी
दुकानदारों और स्थानीय लोगों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि कार्रवाई से पहले अपने सामान हटा लें। स्पष्ट किया गया है कि तोड़फोड़ के दौरान होने वाले नुकसान की जिम्मेदारी स्वयं अतिक्रमणकारियों की होगी।

