RANCHI: हेमंत सोरेन ने सोमवार को रांची स्थित जगुआर कैंपस में प्रस्तावित दिशोम गुरु शिबू सोरेन आवासीय स्कूल के निर्माण को लेकर अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में स्कूल निर्माण से जुड़ी कार्ययोजना, सुविधाओं और भविष्य की रूपरेखा पर विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया गया। अधिकारियों ने पॉवर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से मुख्यमंत्री को परियोजना की पूरी जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि स्कूल परिसर के निर्माण के लिए जगुआर कैंपस में जल्द से जल्द भूमि चिन्हितिकरण का कार्य पूरा किया जाए। अधिकारियों ने बताया कि परियोजना की डीपीआर तैयार हो चुकी है और जमीन चिन्हित करने की प्रक्रिया जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए और समयबद्ध तरीके से स्कूल शुरू करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं।
आवासीय स्कूल में सारी सुविधाएं
उन्होंने कहा कि यह आवासीय स्कूल विशेष रूप से शहीद पुलिस कर्मियों, सेना और केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों (सीपीएमएफ) में कार्यरत जवानों के बच्चों को प्राथमिकता देगा। स्कूल में कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई की व्यवस्था होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि इन परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराई जाए।
स्कूल में स्मार्ट क्लासरूम, लाइब्रेरी, आईसीटी लैब, खेल के मैदान और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि स्कूल का संचालन उत्कृष्ट स्कूलों के अनुरूप हो और सभी सुविधाएं उच्चस्तरीय व गुणवत्तापूर्ण हों। कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों के लिए बेहतर आवासीय व्यवस्था, अलग-अलग छात्रावास और पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस के लिए पीपीपी मोड पर हॉस्पिटल
बैठक में जैप-10 होटवार में पुलिस परिवारों के लिए प्रस्तावित अस्पताल परियोजना पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि यह अस्पताल पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर संचालित होगा। प्रारंभिक चरण में 50 बेड की सुविधा होगी, जिसे जरूरत के अनुसार 100 बेड तक बढ़ाया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, अजय कुमार सिंह, डीजीपी तदाशा मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
READ ALSO: RANCHI NEWS: भीषण गर्मी के बीच मेयर ने जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने का दिया निर्देश

