Jamshedpur : गिरिडीह में गोलगप्पा खाने से एक बच्चे की मौत और करीब 48 लोगों के बीमार होने की घटना के बाद गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने मंगलवार को सदर अस्पताल पहुंचकर पीड़ित बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने अस्पताल में भर्ती बच्चों का हालचाल जाना और डॉक्टरों से उपचार की पूरी जानकारी ली।
विधायक ने इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. बीपी सिंह से मरीजों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की और इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने जिला प्रशासन से बात कर स्पष्ट कर दिया था कि इलाज में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बताया गया कि बीते दिनों एक ठेला विक्रेता गांव-गांव घूमकर गोलगप्पा और चाट बेच रहा था। इसके बाद सलैयापहरी, बेरदोंगा, ललकीटांड, कुम्हरगढ़िया और बजटो समेत कई गांवों में लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर कई मरीजों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम भी सक्रिय हुई। अधिकारियों ने गांवों का दौरा कर बीमार लोगों से मुलाकात की और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल अधिकांश मरीजों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि कुछ का इलाज जारी है। मामले में आरोपी गोलगप्पा विक्रेता के खिलाफ केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।

