Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रूपुषकुंडी – दक्षिणशोल मुख्य सड़क स्थित एक कल्वर्ट के ह्युम पाइप के भीतर एक बुजुर्ग का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। इस घटना को लेकर तरह तरह की बातें कही जा रही हैं। कई लोग इस घटना को हत्या मान कर चल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि बुजुर्ग के साथ क्या घटना घटी है।
मृतक की पहचान दक्षिणशोल गांव निवासी ठिलू मांडी (60) के रूप में हुई है। घटना स्थल के समीप कुछ ग्रामीण अपने मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान उन्हें तेज दुर्गंध महसूस हुई। जब उन्होंने आसपास खोजबीन की तो ह्युम पाइप के अंदर एक शव पड़ा मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत अन्य लोगों को सूचना दी, जिससे वहां भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही चाकुलिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई कविन्द्र पोद्दार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों से भी पूछताछ की।
परिजनों के अनुसार, ठिलू मांडी करीब 10 दिन पहले मवेशी चराने के लिए घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद से वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला था। अब शव मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
Read also Jamshedpur Education: डॉक्टर बनेंगी ISC की नेशनल टॉपर शांभवी तिवारी, 3 को है नीट का एग्जाम

