- सभी निकाय स्वच्छता अभियान पर दें विशेष ध्यान
रांची : आसन्न गर्मी को देखते हुए सभी नगर निकायों में पेयजलापूर्ति हर हाल में सुनिश्चित करने का निर्देश नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने दिया है। शुक्रवार को प्रोजेक्ट भवन के सभागार में नगर निकायों एवं जुडको की योजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान प्रधान सचिव ने कहा कि नगर निकाय यूजर्स चार्ज की वसूली गंभीरता से करें। उन्होंने नगर निकायों को अपना राजस्व बढ़ाने के लिए अभियान चलाकर होल्डिंग टैक्स बढ़ाने का निर्देश दिया।
प्रधान सचिव ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की सरकारी एवं निजी संस्थाएं जो होल्डिंग टैक्स नहीं दे रही हैं, उनके साथ समन्वय स्थापित कर टैक्स वसूली सुनिश्चित की जाए। औद्योगिक क्षेत्रों के होल्डिंग टैक्स को लेकर अलग से बैठक करने का भी निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि जिन नगर निकायों में बस स्टैंड नहीं हैं, वे शीघ्र प्रस्ताव विभाग को भेजें। जहां बस स्टैंड की मरम्मत की आवश्यकता हो, उसका भी प्रस्ताव उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा बड़े नगर निकायों में अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) की आवश्यकता होने पर उसका प्रस्ताव भी भेजने को कहा गया। मल्टीपरपज हॉल, सामुदायिक भवन एवं सड़क चौड़ीकरण की योजनाएं तैयार कर भेजने का निर्देश भी दिया गया।
जलमीनार एवं जलस्रोतों की संख्या बढ़ाने पर बल
प्रधान सचिव ने कहा कि जिन शहरों के कुछ क्षेत्र अब तक पेयजलापूर्ति से वंचित हैं, उनकी सूची तैयार कर विभाग को उपलब्ध कराई जाए। जलमीनारों एवं जलस्रोतों की संख्या बढ़ाने पर भी बल दिया गया। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत विशेष योजना बनाकर कार्य करने का निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर कचरा उठाव की निगरानी सभी निकाय सही ढंग से करें। एकत्रित कचरे के डंप यार्ड तक परिवहन पर नजर रखी जाए तथा कचरे का पृथक्करण (सेग्रिगेशन) सही तरीके से हो। जो एजेंसियां संतोषजनक कार्य नहीं कर रही हैं, उन्हें टर्मिनेट किया जाए।
पूरी रांची को स्वच्छ बनाने के लिए चलाएं अभियान
उन्होंने रांची में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और पूरे शहर को स्वच्छ बनाने का निर्देश दिया। निकायों को कार्ययोजना बनाकर सफाई अभियान चलाने को कहा गया। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया।
प्रधान सचिव ने कहा कि पेयजलापूर्ति एवं अन्य योजनाओं में जो एजेंसियां ठीक से काम नहीं कर रही हैं, उनके खिलाफ डिबार करने के बाद टर्मिनेट करने की कार्रवाई की जाए।
सूडा निदेशक सूरज कुमार ने खराब चापाकलों की सूची तैयार कर उनकी मरम्मत कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन का प्रभावी प्रबंधन किया जाए ताकि झारखंड देश में अव्वल स्थान प्राप्त कर सके। बैठक में डीएमए निदेशक नैन्सी सहाय, रांची नगर निगम के नगर आयुक्त सुशांत गौरव, संयुक्त सचिव जुल्फिकार अली सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।
Read Also: RANCHI NEWS: डीसी ने निजी स्कूलों के प्रिंसिपल की बुलाई अहम बैठक, इन मुद्दों पर होगी चर्चा

