RANCHI: रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के जनता दरबार में सोमवार को संवेदनशील प्रशासन और सख्त कार्यशैली दोनों की झलक देखने को मिली। जनता दरबार में पहुंचे एक दिव्यांग युवक की समस्या का तत्काल समाधान करते हुए उपायुक्त ने उसे इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई, वहीं जमीन म्यूटेशन और प्लॉट सुधार में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
रांची निवासी शाहनवाज आलम जो पैरों से चलने में असमर्थ हैं, हाथों के सहारे जनता दरबार पहुंचे थे। उन्होंने उपायुक्त के समक्ष अपनी दैनिक परेशानियों को रखा। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने उनके दस्तावेजों की तत्काल जांच कराई और कुछ ही देर में उन्हें इलेक्ट्रिक ट्राईसाइकिल उपलब्ध करा दी। उपायुक्त स्वयं शाहनवाज को ट्राईसाइकिल तक लेकर गए और कार्यालय परिसर से बाहर तक छोड़ने पहुंचे।
जनता दरबार में बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। उपायुक्त ने सुदूर इलाकों से आए लोगों को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।आंगनबाड़ी सेविकाओं ने अनियमित मानदेय भुगतान और पोषाहार राशि में गड़बड़ी की शिकायत की, जिस पर उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को जांच कर शीघ्र कार्रवाई का निर्देश दिया।
अनगड़ा के एक भूमि म्यूटेशन मामले में दस्तावेजों की अनदेखी कर एक ही व्यक्ति के नाम दाखिल-खारिज करने पर उपायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई और तत्कालीन कर्मचारी के खिलाफ आरोप पत्र गठित करने का आदेश दिया। वहीं सोनाहातू क्षेत्र में प्लॉट सुधार में देरी पर संबंधित अंचल अधिकारी को फटकार लगाते हुए एक माह में सभी लंबित मामलों के निपटारे का निर्देश दिया गया। मांडर क्षेत्र में कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जे की शिकायत पर जांच के आदेश दिए गए। साथ ही सरकारी भूमि अतिक्रमण को लेकर सभी अंचल अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी गई।
इधर, उपायुक्त के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी बुंडू किस्टो बेसरा ने तमाड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मरीजों के उपचार, दवाओं की उपलब्धता, प्रसव कक्ष, टीकाकरण, आपातकालीन सेवाओं और साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई। एसडीओ ने स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने और बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिया।

