RANCHI : झारखंड की राजधानी रांची के कई इलाकों में हर घर नल से जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने और घरों तक कनेक्शन देने के बावजूद लोगों को अब तक एक बूंद पानी नसीब नहीं हो सका है। करीब दो साल पहले घर-घर पानी कनेक्शन दिए जाने के बाद भी सप्लाई शुरू नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि पाइपलाइन और कनेक्शन केवल दिखावा हैं, जबकि पीने के पानी के लिए उन्हें आज भी टैंकर और जार पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इस बीच शहर की सरकार ये दावा कर रही है कि अगले साल से लोगों को उनके घरों में हर हाल में सप्लाई पानी दिया जाएगा। अब सवाल ये उठता है कि क्या शहर की सरकार इस योजना को धरातल पर उतारने में सफल हो पाएगी।
शोपीस बनकर रह गया कनेक्शन
जानकारी के अनुसार, हर घर नल से जल योजना के अंतर्गत जुडको द्वारा इलाके में पाइपलाइन बिछाने का कार्य कराया गया। कई मोहल्लों में घरों के बाहर पाइपलाइन डालने के साथ-साथ पानी कनेक्शन भी दिए गए। शुरुआत में लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही उनके घरों में नियमित जलापूर्ति शुरू होगी, लेकिन दो वर्ष बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। लोगों का कहना है कि घरों में लगाए गए नल सिर्फ शोपीस बनकर रह गए हैं। गर्मी के मौसम में समस्या और अधिक गंभीर हो गई। पीने और दैनिक जरूरतों के लिए लोगों को निजी टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं, जबकि कई परिवार पानी के जार खरीदने को मजबूर हैं। इससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
सप्लाई को लेकर गंभीर नहीं है विभाग
लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग और एजेंसियों ने पाइपलाइन तो बिछा दी, लेकिन जलापूर्ति शुरू कराने को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई। कई बार शिकायतें की गईं, मगर समाधान नहीं निकल पाया। कुछ लोगों ने बताया कि इससे पहले भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस समस्या के समाधान की गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन अब तक हालात में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिला। लोगों के अनुसार, अधिकारियों की ओर से अब यह आश्वासन दिया जा रहा है कि जल्द ही हर घर में पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी। लंबे समय से इंतजार के कारण लोगों का भरोसा कमजोर पड़ गया है। लोगों का कहना है कि जब पाइपलाइन और कनेक्शन पहले ही पूरे हो चुके हैं तो सप्लाई शुरू करने में इतनी देरी क्यों हो रही है। इससे साफ है कि विभाग सप्लाई को लेकर कितना गंभीर है। लोगों ने मांग की है कि योजना को जल्द से जल्द धरातल पर उतारा जाए और नियमित सप्लाई सुनिश्चित की जाए।
क्या कहते हैं डिप्टी मेयर
डिप्टी मेयर नीरज कुमार ने कहा कि हर घर नल से जल योजना का काम जुडको की ओर से जारी है। इस साल के अंत तक जो भी समस्या या एनओसी की प्रक्रिया है उसे दूर कर लिया जाएगा। अगले साल से लोगों को पानी की दिक्कत नहीं होगी। इसके साथ ही लोगों को रेन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए भी जागरूक किया जा रहा है जिससे कि ग्राउंड वाटर लेवल को भी मेंटेन किया जा सके।

