पूर्वी सिंहभूम : ऑटो चालक ने गुरुवार देर रात फंदे से लटककर जान दे दी। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित मखदुमपुर रोड नंबर-1 लाइन किनारे एक युवक ने घर में फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान मोहम्मद जहीर के रूप में हुई है। वह मोहम्मद करीम का पुत्र था और पेशे से ऑटो चालक था।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मोहम्मद जहीर अपने दादा-दादी के घर में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था। मेहनत-मजदूरी और ऑटो चलाकर वह परिवार का भरण-पोषण करता था। पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर लगातार विवाद हो रहा था। उसकी पत्नी मूल रूप से चाईबासा की रहने वाली है।
बताया जाता है कि गुरुवार रात काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को संदेह हुआ। इसके बाद परिवार के लोगों ने जब दरवाजा खोला तो मोहम्मद जहीर का शव फंदे से लटका मिला। इस लोमहर्षक दृश्य देख लोग चिल्लाने लगे। घर में कोहराम मच गया। शोर सुन आसपास के लोग जमा हो गए।
सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है। पुलिस खुदकुशी के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। पूरे मामले की जांच जारी है।
Read Also: Doctor Car Crash: चिकित्सा पदाधिकारी की कार घर में घुसी; आंगन में सोया टेंपो चालक को रौंदा

