जामताड़ा : झारखंड के जामताड़ा जिला अंतर्गत फतेहपुर बाजार में शुक्रवार को देर शाम हथियारबंद अपराधियों ने एक ज्वेलरी दुकानदार को निशाना बनाते हुए लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
घटना के संबंध में जानकारी के अनुसार, फतेहपुर बाजार स्थित अपनी दुकान बंद कर एक ज्वेलरी दुकानदार अमरजीत बर्मन घर लौट रहे थे। इसी दौरान रामपुर बस स्टैंड से सटे बजरंगबली मंदिर के पास बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। अपराधियों ने पिस्तौल का भय दिखाकर उनसे नकदी और आभूषण लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना शुक्रवार को रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। उस समय बाजार में लोगों की आवाजाही जारी थी, इसके बावजूद अपराधी वारदात को अंजाम देकर आसानी से भाग निकले।
घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। फतेहपुर चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अरविंद मंडल ने कहा कि बाजार क्षेत्र में पुलिस पिकेट की मांग लंबे समय से की जा रही थी, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के कारण व्यापारी और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो फतेहपुर बाजार के व्यापारी अनिश्चितकालीन बंद का निर्णय लेने को बाध्य होंगे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाल रही है। अपराधियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल लूटे गए सामान और राशि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। फतेहपुर के थाना प्रभारी अमर सिंह तापेए ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। संदिग्धों की तलाश में छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही अपराधियों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Read Also- Dumka News : दोस्ती निभाने में बस लेकर फरार हुआ खलासी, दुर्घटनाग्रस्त मिली बस

