Jamshedpur : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बड़ौदा घाट के समीप शनिवार सुबह खरकई नदी से एक अज्ञात किशोर का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र करीब 16 वर्ष बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह कुछ लोग खरकई नदी में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी के पानी में बहते एक किशोर पर पड़ी।
लोगों ने तुरंत उसे नदी से बाहर निकालकर किनारे लाया और उसकी जान बचाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब किशोर को नदी से बाहर निकाला गया, तब उसमें जीवन के कुछ संकेत दिखाई दे रहे थे। हालांकि काफी कोशिशों के बावजूद उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर उसकी शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि यह पता लगाया जा रहा है कि किशोर किस इलाके का रहने वाला था और किन परिस्थितियों में वह नदी तक पहुंचा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Read also – Forts Of Jharkhand : झारखंड के रहस्यमयी किले; जंगलों में दफ्न इतिहास की गौरवगाथा

