Chaibasa : महिला कॉलेज, चाईबासा स्थित इग्नू स्टडी सेंटर कोड 0525 में रविवार को जनवरी 2026 सत्र में प्रवेश लेने वाले नव नामांकित शिक्षार्थियों के लिए अभिप्रेरणा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य नए छात्र-छात्राओं का स्वागत करना, इग्नू के शैक्षिक ढांचे और असाइनमेंट प्रणाली की जानकारी देना तथा उनकी शैक्षणिक यात्रा को आसान बनाना था।
समन्वयक ने दी केंद्र की जानकारी
बैठक का शुभारंभ स्टडी सेंटर की समन्वयक डॉ. सुचिता बाड़ा ने किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए केंद्र की सुविधाओं, संपर्क व्यवस्था और आगामी मार्गदर्शन सत्रों की जानकारी दी। डॉ. बाड़ा ने शिक्षार्थियों को शुभकामनाएं दीं और नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया।
इग्नू मॉडल के फायदे बताए
सहायक समन्वयक डॉ. अर्पित सुमन टोप्पो ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय का विस्तृत परिचय दिया। उन्होंने ओपन यूनिवर्सिटी मॉडल, शैक्षिक विशेषताओं और लचीले अध्ययन विकल्पों के फायदों पर प्रकाश डाला। डॉ. टोप्पो ने छात्रों को स्वयं अध्ययन, समय प्रबंधन और सत्रों में सक्रिय भागीदारी के महत्व के बारे में बताया।
असाइनमेंट लिखने के बताए टिप्स
सहायक समन्वयक डॉ. प्रशांत कुमार खरे ने असाइनमेंट की संरचना, सबमिशन प्रक्रिया और मूल्यांकन मानदंड समझाए। उन्होंने सामान्य गलतियों से बचने के उपाय बताते हुए कहा कि असाइनमेंट में निर्देशों का पालन करें, संदर्भ सही लिखें और समय पर जमा करें। समय पर असाइनमेंट जमा करना अनिवार्य है।
इंटरऐक्शन सत्र में दूर किए संदेह
अंत में इंटरऐक्शन सत्र रखा गया। इसमें शिक्षार्थियों ने पढ़ाई, असाइनमेंट और परीक्षा से जुड़े सवाल पूछे। समन्वयकों ने सभी सवालों के संतोषजनक जवाब दिए। बैठक में लगभग 30 शिक्षार्थी मौजूद रहे। स्टडी सेंटर के स्टाफ अर्धेंदु गिरी, मनोज कुमार और सुनंदा देवी भी उपस्थित थे।
नियमित सत्र में आने की अपील
स्टडी सेंटर ने शिक्षार्थियों को भविष्य में नियमित मार्गदर्शन सत्रों में उपस्थित होने के लिए प्रेरित किया ताकि वे अपना पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा कर सकें। बैठक नव नामांकित शिक्षार्थियों के लिए उपयोगी और प्रेरणादायक रही।

