चाईबासा : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत डांगोवापोसी में चोरों ने एक रेलकर्मी के क्वार्टर को निशाना बनाया। ऑपरेटिंग विभाग के पॉइंट्स मैन के क्वार्टर का ताला तोड़कर चोर नकदी, गहने और इलेक्ट्रॉनिक सामान समेत लगभग साढ़े तीन लाख रुपये का सामान ले गए। घटना के बाद रेलवे कॉलोनी के कर्मियों में दहशत है।
गर्मी की छुट्टी में गांव गया था परिवार
चोरी का शिकार हुए रेलकर्मी का नाम सुमंत कुमार प्रधान 37 वर्ष है। वे डांगोवापोसी में ऑपरेटिंग विभाग में पॉइंट्स मैन के पद पर कार्यरत हैं। सुमंत क्वार्टर क्रमांक ए 40/3 डांगोवापोसी में रहते हैं। इन दिनों स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां चलने के कारण सुमंत का परिवार पहले से ही अपने पैतृक गांव राजखरसांवा स्थित टिंड़िगटीपा गांव चला गया था। सूने क्वार्टर का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
तीन ताले तोड़कर घुसे चोर
चोरों ने क्वार्टर में लगे तीन ताले तोड़कर घर में प्रवेश किया। घर के अंदर अलमारी और बेड का सामान बिखेर दिया। चोर घर से एलजी कंपनी का एलईडी टीवी, इंडक्शन चूल्हा, मिक्सी ग्राइंडर, अलमारी में रखा 14 ग्राम का सोने का चेन और 9400 रुपये नकद ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग साढ़े तीन लाख रुपये बताई जा रही है।
नोवामुंडी थाने में दर्ज हुई शिकायत
घटना की जानकारी मिलने पर सुमंत कुमार प्रधान ने सहयोगी कर्मियों के साथ नोवामुंडी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और साक्ष्य जुटाए हैं।
लगातार हो रही चोरी से दहशत
बताया जा रहा है कि इन दिनों डांगोवापोसी में रेलवे क्वार्टरों में चोरी की वारदातें बढ़ गई हैं। कुछ दिन पहले ही एक लोको पायलट के क्वार्टर में भी चोरी हुई थी। लगातार हो रही चोरियों के कारण रेलकर्मी भयभीत हैं। रेलकर्मियों ने रेलवे प्रशासन और सुरक्षा अधिकारियों से कॉलोनी में गश्त बढ़ाने और चोरियां रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
Read Also- RANCHI NEWS: नशामुक्त झारखंड के लिए जन-आंदोलन का आह्वान, एनएचएम के एमडी ने दिया ये संदेश

