Home » Dhanbad News : बाघमारा के टंडावाड़ी में फिर धंसी जमीन, दहशत में ग्रामीण

Dhanbad News : बाघमारा के टंडावाड़ी में फिर धंसी जमीन, दहशत में ग्रामीण

सुरक्षित पुनर्वास की उठी मांग

by Mujtaba Haider Rizvi
Dhanbad Land Subsidence
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Dhanbad : धनबाद जिले के बाघमारा स्थित सोनारडीह ओपी क्षेत्र के टंडावाड़ी स्थित कर्मकार टोला में एक बार फिर भू-धंसान की घटना सामने आई है। बुधवार की देर रात अचानक जमीन धंसने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। खनन प्रभावित इस क्षेत्र में लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। ग्रामीण खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और सुरक्षित पुनर्वास की मांग तेज कर दी है।

घटना की जानकारी मिलते ही सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जमीन में बने धंसान को देखकर लोगों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, बल्कि इससे पहले भी कई बार इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। बावजूद इसके समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि वर्षों से हो रहे कोयला खनन के कारण जमीन के भीतर बड़े-बड़े खाली हिस्से बन गए हैं, जिसके चलते आए दिन भू-धंसान की घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि घटना की सूचना प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन को दी गई थी, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी कोई अधिकारी मौके पर निरीक्षण करने नहीं पहुंचा, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

ग्रामीण रोहित कर्मकार ने कहा कि खतरे के साये में जीवन बिता रहे परिवारों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान पर बसाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए और कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन और बीसीसीएल की होगी।

टंडावाड़ी में हुए ताजा भू-धंसान ने एक बार फिर खनन प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था और पुनर्वास योजनाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल ग्रामीण भय के माहौल में रह रहे हैं और प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

इस मामले पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि बारिश के मौसम में भू-धंसान की घटनाएं बढ़ जाती हैं। उन्होंने बताया कि इसका तत्काल स्थायी समाधान संभव नहीं है, लेकिन जेएमपी 2.0 योजना के तहत प्रभावित लोगों को बेलगढ़िया में बसाने का प्रावधान किया गया है। उपायुक्त ने अति संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अपील की कि वे अपनी सुरक्षा को देखते हुए जल्द से जल्द बेलगढ़िया पुनर्वास स्थल पर स्थानांतरित हो जाएं।

Read Also: Dhanbad Murder: प्रेमिका ने होने वाले पति संग मिलकर कराई पुराने प्रेमी की हत्या, गिरफ्तार

Related Articles

Leave a Comment