रांची: झारखंड सरकार ने राज्यकर्मियों को महंगाई भत्ते (डीए) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी का लाभ देने का निर्णय लिया है। वित्त विभाग ने इस संबंध में सोमवार को संकल्प जारी कर दिया। जारी संकल्प के अनुसार सातवें वेतनमान के तहत वेतन प्राप्त करने वाले राज्य कर्मचारियों को 1 जनवरी 2026 से 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। इससे पहले उन्हें 58 प्रतिशत डीए मिल रहा था।
वित्त विभाग के अनुसार केंद्र सरकार द्वारा अपने कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते की दर 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत किए जाने के बाद राज्य सरकार ने भी समान दर लागू करने का निर्णय लिया है। बढ़ी हुई दर 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगी।
संकल्प में कहा गया है कि वित्त विभाग के 18 जनवरी 2017 के आदेश के तहत सातवें वेतनमान का लाभ प्राप्त कर रहे राज्यकर्मियों को मूल वेतन पर 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता देय होगा। यह भत्ता केवल मूल वेतन पर देय होगा, विशेष वेतन अथवा वैयक्तिक वेतन पर नहीं।
उल्लेखनीय है कि इस प्रस्ताव को मंत्रिपरिषद की 27 मई 2026 की बैठक में स्वीकृति मिल चुकी थी। वित्त विभाग द्वारा संकल्प जारी होने के साथ ही राज्यकर्मियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है।

