लातेहार : जिले में जमीन विवाद ने ऐसा रूप लिया कि परिवार के लिए कभी नहीं भूलने वाली सनसनीखेज घटना घट गई। पूरा परिवार गहरे सदमे में है। दरअसल, महुआडांड़ थाना क्षेत्र के पोटमाडीह गांव में दो भाइयों के बीच चल रहे भूमि विवाद ने गुरुवार देर रात हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान हुए हमले में बड़े भाई की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
घायलों का चल रहा इलाज
मृतक की पहचान कामिल बेक (65) के रूप में हुई है। वहीं घायल सलोमी बेक और निलेश बेक का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जमीन को लेकर भाइयों में था विवाद
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार पोटमाडीह गांव निवासी कामिल बेक और उनके छोटे भाई पोलिकार्प बेक के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार रात दोनों पक्षों के बीच इसी मुद्दे को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई।
पांगी से किया वार
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान पोलिकार्प बेक ने धारदार हथियार टांगी से अपने बड़े भाई कामिल बेक पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पत्नी और बेटे पर भी किया हमला
घटना के दौरान जब कामिल बेक की पत्नी सलोमी बेक और बेटा निलेश बेक बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपित ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कामिल बेक को मृत घोषित कर दिया। वहीं सलोमी बेक और निलेश बेक की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद महुआडांड़ थाना पुलिस गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर प्रारंभिक जानकारी जुटाई। इसके बाद मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना की वजह जमीन संबंधी विवाद सामने आया है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले में परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का प्रयास है कि आरोपित को जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।
ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि विवाद बन रहे चिंता का विषय
ग्रामीण इलाकों में भूमि और संपत्ति को लेकर होने वाले विवाद कई बार गंभीर आपराधिक घटनाओं का कारण बन जाते हैं। पोटमाडीह गांव की यह घटना भी इसी प्रकार के विवाद का दुखद परिणाम मानी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से आपसी विवादों का समाधान कानूनी और शांतिपूर्ण तरीके से करने की अपील की है।

