Jamshedpur : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत टाटानगर रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
मंडल सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ चक्रधरपुर मंडल और रेल पुलिस अधीक्षक जमशेदपुर के निर्देश पर आरपीएफ टाटानगर एवं जीआरपी टाटानगर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 29 वर्षीय कुंदन कुमार ओझा के रूप में हुई है, जो बिहार के भोजपुर जिले के बड़की ओझवलिया गांव का रहने वाला है। जांच में सामने आया कि उसने सोमवार रात टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में दो यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम सक्रिय हुई और तकनीकी जांच के साथ सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंची। गिरफ्तारी के बाद उसकी तलाशी लेने पर चोरी किए गए दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए।
आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना टाटानगर के हवाले कर दिया गया है। पूरे अभियान का नेतृत्व पोस्ट कमांडर आरपीएफ टाटानगर और जीआरपी थाना प्रभारी की निगरानी में किया गया। कार्रवाई में आरपीएफ के एएसआई बलबीर प्रसाद के नेतृत्व वाली टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने मोबाइल फोन और अन्य सामान की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत आरपीएफ या जीआरपी को दें। रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार विशेष अभियान और निगरानी अभियान चलाए जा रहे हैं।

