जमशेदपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित कांदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी की एक आदिवासी युवती के साथ कथित हिंसा और बल प्रयोग के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) चांडिल को जांच का निर्देश दिया था।
जांच के दौरान प्रथम दृष्टया कपाली ओपी के तीन पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। इसके बाद तत्काल प्रभाव से तीनों को निलंबित कर दिया गया है।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में कपाली ओपी प्रभारी पु.अ.नि. धीरंजन कुमार, स.अ.नि. मो. मुकलेसुर रहमान तथा महिला आरक्षी कंचन शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मामले में आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा।

