
Jamshedpur : जमशेदपुर अभिभावक संघ ने सोनारी स्थित आरएमएस हाई स्कूल बालिचेला (वालियेला) प्रबंधन पर आरटीई (शिक्षा का अधिकार) के तहत नामांकित छात्रा से फीस मांगने का आरोप लगाते हुए पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त और जिला शिक्षा अधीक्षक को शिकायत पत्र सौंपा है। संघ ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए छात्रा को बिना शुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने और स्कूल प्रबंधन पर रोक लगाने की मांग की है।
संघ के अध्यक्ष डॉ. उमेश कुमार ने बताया कि आरटीई अधिनियम-2009 की धारा 12(1)(सी) के तहत चांदनी कुमारी का विद्यालय में नामांकन हुआ था। छात्रा ने वर्ष 2026-27 में कक्षा आठ उत्तीर्ण कर नौवीं कक्षा में प्रवेश लिया है। आरोप है कि इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन लगातार उससे स्कूल फीस जमा करने का दबाव बना रहा है।
शिकायत में कहा गया है कि फीस नहीं जमा होने के कारण 7 जुलाई को आयोजित होने वाली परीक्षा का प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) भी स्कूल प्रबंधन ने रोक दिया। छात्रा की मां घरेलू कामकाज कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उन्होंने आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए स्कूल प्रबंधन से किस्तों में फीस जमा करने की अनुमति मांगी थी, लेकिन प्रबंधन ने पूरी फीस एकमुश्त जमा करने की बात कही।
अभिभावक संघ का कहना है कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और आरटीई अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के तहत नामांकित विद्यार्थियों को कक्षा 12 तक निःशुल्क शिक्षा का अधिकार है। ऐसे में स्कूल द्वारा फीस की मांग करना नियमों के विपरीत है।
संघ ने जिला प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया जाए कि चांदनी कुमारी को कक्षा 12 तक निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाए तथा फीस के नाम पर किसी भी प्रकार का दबाव नहीं बनाया जाए।
Read Also: टाटा स्टील टेक्निकल इंस्टीट्यूट के मेधावी छात्रों को अगले चार साल तक मिलेगा सम्मान,

