Home » National Stakeholders Consultation: झारखंड में 87 हजार करोड़ का निवेश, गूगल समेत कई बड़ी कंपनियों से समझौता

National Stakeholders Consultation: झारखंड में 87 हजार करोड़ का निवेश, गूगल समेत कई बड़ी कंपनियों से समझौता

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में कुल 14 एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इन समझौतों के माध्यम से राज्य में करीब 87,000 करोड़ रुपये के निवेश का मार्ग प्रशस्त हुआ है।

by Nikhil Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची। झारखंड के लिए आयोजित दो दिवसीय नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन में गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में कुल 14 एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए। इन समझौतों के माध्यम से राज्य में करीब 87,000 करोड़ रुपये के निवेश का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एवं ई-गवर्नेंस तथा पर्यटन विभाग से जुड़े इन समझौतों से झारखंड में औद्योगिक विकास, डिजिटल परिवर्तन, पर्यटन विस्तार और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन को नई गति मिलने की उम्मीद है।

इन परियोजनाओं में होंगे बड़े निवेश

उद्योग विभाग की ओर से जिंदल स्टील लिमिटेड, टाटा स्टील, अंबुजा सीमेंट, जिंदल रिन्यूएबल, वरुण बेवरेजेज़ सहित कई प्रमुख कंपनियों के साथ एमओयू किए गए। इन समझौतों के तहत स्टील प्लांट, न्यूक्लियर पावर प्लांट, रिन्यूएबल एनर्जी, सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट, टिन प्लेट विस्तार तथा कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक्स एवं पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर बॉटलिंग प्लांट जैसी परियोजनाओं में बड़े निवेश होंगे।

सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग ने गूगल एलएलसी के साथ महत्वपूर्ण समझौता किया। इसके तहत झारखंड में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित और क्लाउड-रेडी डिजिटल इकोसिस्टम विकसित किया जाएगा। एआई इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा सेंटर आधुनिकीकरण, क्लाउड नीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, ट्रैफिक प्रबंधन और सरकारी अधिकारियों के कौशल विकास पर संयुक्त रूप से कार्य किया जाएगा।

इसके अलावा लॉर्ड्स एजुकेशन एंड हेल्थ सोसाइटी (भदवानी एआई) के साथ गैर-वित्तीय एमओयू के जरिए टीबी उन्मूलन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गैर-संचारी एवं संक्रामक रोगों के प्रबंधन तथा डिजिटल हेल्थ सेवाओं में एआई आधारित समाधान विकसित किए जाएंगे।

एमएसएमई कनेक्ट पोर्टल शुरू

कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार ने एमएसएमई कनेक्ट पोर्टल का भी शुभारंभ किया। यह पोर्टल निवेशकों और उद्यमियों को उद्योग स्थापना, अनुमतियों, आवेदन और अन्य सेवाओं के लिए एकीकृत डिजिटल मंच उपलब्ध कराएगा। इससे उद्योगों से जुड़ी प्रक्रियाएं अधिक सरल, पारदर्शी और तेज होंगी तथा एमएसएमई क्षेत्र को विशेष लाभ मिलेगा।

पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग ने भी दो महत्वपूर्ण एमओयू किए। टाटा मोटर्स के साथ हुए समझौते के तहत झारखंड में इंडस्ट्रियल टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे पर्यटकों को जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स संयंत्र का निर्देशित भ्रमण और ऑटोमोबाइल निर्माण प्रक्रिया को नजदीक से देखने का अवसर मिलेगा। वहीं ईज़मायट्रिप के साथ साझेदारी के तहत झारखंड पर्यटन के प्रचार-प्रसार के लिए डिजिटल मार्केटिंग, माइक्रोसाइट, सोशल मीडिया अभियान और सह-ब्रांडिंग जैसी पहल की जाएगी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि ये सभी समझौते झारखंड को निवेश, औद्योगिक विकास, डिजिटल नवाचार और पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान देंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को बेहतर आधारभूत संरचना, पारदर्शी व्यवस्था और उद्योग-अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इन एमओयू के माध्यम से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और झारखंड के समावेशी एवं सतत विकास को नई दिशा मिलेगी।

झारखंड में हुए 14 एमओयू : कंपनीवार निवेश और परियोजनाएं

 

कंपनी/संस्थाप्रस्तावित निवेशपरियोजना
जिंदल स्टील लिमिटेड₹40,000 करोड़स्टील प्लांट की स्थापना
अंबुजा सीमेंट (जिंदल न्यूक्लियर्स की इकाई)₹30,000 करोड़1400 मेगावाट क्षमता का न्यूक्लियर पावर प्लांट
टाटा स्टील लिमिटेड₹7,000 करोड़हिसार्ना टेक्नोलॉजी प्लांट
एमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड₹4,980 करोड़इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट
टाटा स्टील (टिन प्लेट विस्तार)₹2,600 करोड़टिन प्लेट प्लांट का विस्तार
अंबुजा सीमेंट लिमिटेड₹1,000 करोड़सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट
जिंदल रिन्यूएबल प्राइवेट लिमिटेड₹650 करोड़140 मेगावाट रिन्यूएबल पावर प्लांट
वरुण बेवरेजेज़₹409 करोड़कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक्स एवं पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर बॉटलिंग प्लांट
गूगल एलएलसीगैर-वित्तीय एमओयूएआई, क्लाउड, डेटा सेंटर, डिजिटल गवर्नेंस एवं स्किल डेवलपमेंट
लॉर्ड्स एजुकेशन एंड हेल्थ सोसाइटी (भदवानी एआई)गैर-वित्तीय एमओयूएआई आधारित सार्वजनिक स्वास्थ्य, टीबी उन्मूलन, मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं डिजिटल हेल्थ
टाटा मोटर्सगैर-वित्तीय एमओयूइंडस्ट्रियल टूरिज्म को बढ़ावा
ईज़मायट्रिपगैर-वित्तीय एमओयूझारखंड पर्यटन का डिजिटल प्रचार-प्रसार एवं ब्रांडिंग

मुख्य बातें

कुल एमओयू: 14
कुल प्रस्तावित निवेश: लगभग 87,000 करोड़ रुपये
मुख्य क्षेत्र: स्टील, ऊर्जा, सीमेंट, नवीकरणीय ऊर्जा, पेय पदार्थ, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल गवर्नेंस, स्वास्थ्य और पर्यटन।

Read Also: Jharkhand Digital Vision:  AI आधारित सुशासन पर झारखंड का बड़ा दांव, 1150 करोड़ रुपये निवेश और 1 लाख रोजगार का लक्ष्य

Related Articles

Leave a Comment