
चाईबासा : जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एसोसिएशन ग्राउंड के समीप घेराबंदी कर एक गांजा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से 260 ग्राम गांजा, गांजा भरी 5 सिगरेट (गोगो) और ₹6,500 नकद बरामद किए गए हैं।
गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि एसोसिएशन ग्राउंड के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजे की पुड़िया बेच रहा है। सूचना मिलते ही मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेनू को अवगत कराया गया। एसपी के निर्देश पर तुरंत एक संयुक्त छापामारी दल का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर बहामन टूटी, अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार और थाना प्रभारी हीरालाल महतो सहित अन्य अधिकारी कर रहे थे।
पुलिस को देख भागने लगा आरोपी
संयुक्त टीम जब मौके पर पहुंची, तो संदिग्ध व्यक्ति पुलिस बल को देखकर भागने लगा। मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उसे खदेड़कर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुरेश कुमार यादव (47 वर्ष) पिता स्वर्गीय महेश यादव बताया। वह मूल रूप से ग्वाला पट्टी का रहने वाला है और वर्तमान में पुलहातु में किराए के मकान में रह रहा था।
तलाशी में मिला आपत्तिजनक सामान
एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के प्रावधानों के तहत जब आरोपी की तलाशी ली गई, तो उसके पास से निम्नलिखित सामान बरामद हुआ।
- गांजा70 पुड़िया (कुल वजन लगभग 260 ग्राम)
- सिगरेट 5 पीस गांजा भरा हुआ सिगरेट (गोगो)
- नकदी6,500 कैश,मोबाइल एक रेडमी कंपनी का स्मार्टफोन
बरामद सामान के संबंध में आरोपी पुलिस के समक्ष कोई वैध कागजात या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
केस दर्ज, भेजे जा रहे जेल
सदर थाना पुलिस ने इस मामले में आरोपी सुरेश कुमार यादव के खिलाफ कांड संख्या 67/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 20 के तहत मामला दर्ज किया है। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है। इस सफल छापामारी टीम में मुख्य रूप से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर बहामन टूटी, अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार और थाना प्रभारी हीरालाल महतो, पीटर लियोनार्ड ड्रगडूंग, मुनुरेन लुगुन और कई अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में युवाओं को नशे की गर्त में धकेलने वाले ऐसे कारोबारियों के खिलाफ आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।

