
Jamshedpur news: टाटा स्टील के रॉ मैटेरियल्स में कर्मचारियों की भागीदारी बढ़ाने और कार्यस्थल पर बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से ज्वाइंट कंसल्टेटिव काउंसिल ऑफ मैनेजमेंट (जेसीसीएम – आरएम) के तहत विभिन्न संयुक्त समितियों का पुनर्गठन किया गया है। इस संबंध में रॉ मैटेरियल्स के वाइस प्रेसिडेंट संदीप कुमार ने अधिसूचना जारी की है। नई समितियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
कंपनी ने कर्मचारियों के कल्याण, सुरक्षा, स्वास्थ्य, सामुदायिक विकास और कार्यस्थल की सुविधाओं से जुड़े विषयों पर संयुक्त निर्णय प्रक्रिया को और मजबूत करने के लिए प्रबंधन और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों को इन समितियों में शामिल किया है। प्रत्येक समिति में प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारियों को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है।
सबसे पहले बनी ज्वाइंट अमेनिटीज कमेटी
जारी अधिसूचना के अनुसार ज्वाइंट अमेनिटीज कमेटी का गठन किया गया है। इसमें प्रबंधन की ओर से 15 वरिष्ठ अधिकारियों को शामिल किया गया है। कर्मचारियों की ओर से आरसीएमयू, एनएमयू, एफएमपीईयू, जेएमयू और एमएमडब्ल्यूयू सहित विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधियों को सदस्य बनाया गया है। समिति कार्यस्थल की मूलभूत सुविधाओं, कर्मचारी हितों और दैनिक संचालन से जुड़े मुद्दों पर विचार करेगी।
वेलनेस कमेटी स्वास्थ्य और कल्याण पर करेगी फोकस वेलनेस कमेटी में विभिन्न माइंस एवं प्रोजेक्ट्स के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कर्मचारी प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। यह समिति कर्मचारियों के स्वास्थ्य, मानसिक कल्याण, फिटनेस, चिकित्सा सुविधाओं और कार्यस्थल पर बेहतर वेलनेस कार्यक्रमों की निगरानी करेगी।
सुरक्षा मामलों के लिए अलग से सेफ्टी कमेटी रॉ मैटेरियल्स डिवीजन की ज्वाइंट सेफ्टी कमेटी में सुरक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, माइंस प्रमुखों और कर्मचारी प्रतिनिधियों को जिम्मेदारी दी गई है। समिति का मुख्य उद्देश्य खदानों और अन्य कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना, दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा सुरक्षित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना होगा।
सामुदायिक विकास और स्वयंसेवी गतिविधियों के लिए नई समिति
कंपनी ने कम्युनिटी डेवलपमेंट एंड वॉलंटियर एंगेजमेंट एडवाइजरी कमेटी का भी गठन किया है। इसमें प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधि मिलकर आसपास के क्षेत्रों में सामाजिक विकास, सीएसआर गतिविधियों और कर्मचारियों की स्वयंसेवी भागीदारी से जुड़े कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे। संयुक्त निर्णय प्रक्रिया को मिलेगा बढ़ावा
नई समितियों में प्रबंधन और कर्मचारियों को समान मंच उपलब्ध कराया गया है, ताकि कार्यस्थल की समस्याओं, सुरक्षा, कल्याण, सुविधाओं और सामुदायिक विकास से जुड़े मुद्दों पर नियमित संवाद और त्वरित निर्णय हो सकें। इससे रॉ मैटेरियल्स डिवीजन में औद्योगिक संबंधों को और मजबूत करने के साथ कर्मचारियों की सहभागिता भी बढ़ेगी। इसलिए महत्वपूर्ण है फैसला
– प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच संवाद मजबूत होगा।
– सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण संबंधी फैसलों में कर्मचारी प्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ेगी।
– कार्यस्थल की सुविधाओं और सीएसआर गतिविधियों की नियमित समीक्षा होगी।
– औद्योगिक संबंधों को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।”

