Home » Jamshedpur News: 16 जुलाई को निकलेगी जगन्नाथ रथ यात्रा, ड्रोन व CCTV कैमरों से होगी निगरानी

Jamshedpur News: 16 जुलाई को निकलेगी जगन्नाथ रथ यात्रा, ड्रोन व CCTV कैमरों से होगी निगरानी

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने 16 जुलाई को आयोजित होने वाली श्री जगन्नाथ रथ यात्रा-2026 के सफल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा, विधि व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 

उपायुक्त राजीव रंजन ने कहा कि रथ यात्रा जिले का महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस और मेडिकल टीम की तैनाती, नगर निकाय को साफ-सफाई, पेयजल और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था तथा अग्निशमन विभाग को पूरी सतर्कता के साथ तैयार रहने का निर्देश दिया।

 

वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। रथ यात्रा के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से पूरे आयोजन की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

 

बैठक में रथ यात्रा मार्ग का निरीक्षण, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन, आपातकालीन निकासी योजना, नियंत्रण कक्ष और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

बैठक में सिटी एसपी, धालभूम और घाटशिला के एसडीएम, अपर उपायुक्त, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था), ट्रैफिक डीएसपी, जिला परिवहन पदाधिकारी, विद्युत, अग्निशमन, पेयजल, आपदा प्रबंधन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Comment