
चाईबासा : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की महत्वाकांक्षी पहल ‘झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना’ के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले में जून 2026 की सम्मान राशि का सफल भुगतान कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत जिले की सभी योग्य महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से यह राशि सीधे भेज दी है।
महिला सशक्तीकरण और आर्थिक स्वावलंबन को समर्पित यह योजना जिले के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी इलाकों तक की महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है।
बिचौलियों से मुक्त और पारदर्शी रही पूरी प्रक्रिया
भुगतान प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाए रखने के लिए सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर (DBT) प्रणाली का इस्तेमाल किया गया। इससे यह सुनिश्चित हुआ कि बिना किसी व्यवधान या बिचौलियों के, सहायता राशि सीधे लाभार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खातों में पहुंच सके। उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देश पर जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग और तकनीकी टीम ने पूरी प्रक्रिया की कड़ाई से निगरानी की, ताकि बैंकिंग स्तर पर किसी भी तकनीकी गड़बड़ी को तुरंत ठीक किया जा सके।
अंतिम छोर तक लाभ पहुंचाना हमारा लक्ष्य : उपायुक्त
सफल भुगतान के बाद पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि यह योजना हमारी माताओं और बहनों को आत्मनिर्भर और समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। जून की राशि का शत-प्रतिशत भुगतान जनता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दिखाता है। हमारा प्रयास है कि जिले के अंतिम छोर पर बैठी हर पात्र महिला को समय पर लाभ मिले, ताकि वे अपनी छोटी-मोटी जरूरतों के लिए आत्मनिर्भर बन सकें।
यह योजना अब जिले के सभी प्रखंडों और सुदूर पंचायतों में महिलाओं के आर्थिक संबल का मुख्य आधार बन चुकी है। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि भविष्य में भी इसी तरह समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से महिलाओं तक सहायता राशि पहुंचाने का काम जारी रहेगा।

