
गिरिडीह : जिले में पुलिस को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बगोदर थाना पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब और बीयर से लदे एक ट्रक को पकड़ा है। बरामद शराब की कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान ट्रक का ड्राइवर पुलिस को चकमा देकर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।
चेकिंग के दौरान पकड़ाया ट्रक
बुधवार को एसडीपीओ धनंजय राम और बगोदर थाना प्रभारी ने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शराब ले जाने संबंधी गुप्त सूचना पुलिस को पहले ही मिल गई थी। इसी आधार पर पुलिस ने गेंदास्त्रुपी जंगल के पास गाड़ियों की चेकिंग शुरू की। इस क्रम में पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देख ड्राइवर गाड़ी छोड़कर पास के जंगल की तरफ भाग निकला।
बंगाल से बिहार जा रही थी खेप
पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली। उसमें से अलग-अलग ब्रांड्स की कुल 600 पेटी शराब और बीयर मिली। शुरुआती जांच के मुताबिक, शराब की यह बड़ी खेप पश्चिम बंगाल से लाई जा रही थी और इसे बिहार में खपाने की तैयारी थी।
बरामद शराब का विवरण
हाइवर्ड्स बीयर : 348 पेटी
रॉयल स्टैग : 140 पेटी
राइस विल : 37 पेटी
ब्लेंडर्स प्राइड : 20 पेटी
ऑफिसर्स चॉइस : 7 पेटी
इसके अलावा भी कुछ अन्य ब्रांड्स की बोतलें मिली हैं।
नेटवर्क तलाश रही पुलिस
पुलिस ने ट्रक और शराब को अपने कब्जे में ले लिया है। फरार ड्राइवर को ढूंढने के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तस्करों के नेटवर्क की जांच की जा रही है ताकि पता लगाया जा सके कि इस धंधे के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
Read Also: Giridih Accident: तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में मारी टक्कर, दो सगे भाइयों की मौत

