
Ranchi : राजधानी रांची में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य और फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ी पहल शुरू होने जा रही है। शहर के सभी वार्डों में ओपन जिम स्थापित करने की योजना पर काम तेज हो गया है। इसी कड़ी में बुधवार को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ ने महापौर रोशनी खलखो के साथ एयरपोर्ट कॉलोनी में प्रस्तावित ओपन जिम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उप महापौर नीरज कुमार समेत नगर निगम के कई अधिकारी और अभियंता भी मौजूद रहे।
यह निरीक्षण रांची नगर निगम की उस महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा है, जिसके तहत शहर के प्रत्येक वार्ड में चरणबद्ध तरीके से ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे। नगर निगम परिषद की बैठक में संजय सेठ ने इस योजना की घोषणा करते हुए कहा था कि हर वार्ड में आधुनिक व्यायाम सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों को अपने ही क्षेत्र में निःशुल्क फिटनेस की सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान संजय सेठ ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने कहा कि हर वार्ड में ओपन जिम बनने से लोगों में नियमित व्यायाम की आदत विकसित होगी, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए।
महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल सड़क, पानी और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि शहरवासियों को बेहतर जीवनशैली भी देना है। उन्होंने कहा कि वार्ड स्तर पर ओपन जिम बनने से लोगों को घर के पास ही व्यायाम की सुविधा मिलेगी और “स्वस्थ रांची, सशक्त रांची” के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने इस परियोजना को शहर के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को लाभ मिलेगा और शहर में फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थल की उपलब्ध भूमि, पहुंच मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, बिजली समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी जायजा लिया। साथ ही निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के लिए आवश्यक तैयारियों और प्रक्रिया पर चर्चा की गई।
रांची नगर निगम के अनुसार इस योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। लक्ष्य है कि आने वाले समय में शहर का प्रत्येक वार्ड आधुनिक ओपन जिम सुविधा से लैस हो, जिससे रांची स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में एक नई पहचान बना सके।

