
Seraikela : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में महज 15 हजार रुपये के लेनदेन का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरआइटी के पास एक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का इलाज टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान राजनगर थाना क्षेत्र के तंगरानी निवासी 19 वर्षीय रोहित हेम्ब्रम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रोहित और बीजू महतो पिछले करीब दो वर्षों से दोस्त थे। करीब तीन महीने पहले रोहित ने बीजू से 15 हजार रुपये उधार लिए थे। रुपये के बदले उसने बीजू का मोबाइल अपने पास रख लिया था।
रविवार शाम बीजू ने रोहित को फोन कर आरआइटी के पास मिलने के लिए बुलाया। उसने कहा कि वह रुपये वापस लेकर अपना मोबाइल लेना चाहता है। दोनों की मुलाकात के दौरान पैसे और मोबाइल को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी धक्का-मुक्की में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर रोहित अपनी बाइक स्टार्ट कर वहां से निकलने लगा। इसी दौरान बीजू ने कथित तौर पर चापड़ से उस पर हमला कर दिया। हमले में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल अवस्था में रोहित ने अपने रूममेट राजू ठाकुर को फोन कर मौके पर बुलाया। इसके बाद उसे तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

