
चाईबासा : बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर आगामी 22 सितंबर से पश्चिमी सिंहभूम टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता प्रारंभ होगी। इसके लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। इस बहुप्रतीक्षित टी-20 प्रतियोगिता के लिए मैदान के मुख्य विकेट पर बारमूडा सेलेक्शन वन घास लगाने का कार्य पूर्ण हो चुका है। पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के अनुरोध पर झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ ने बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम के तीनों मुख्य विकेटों पर बारमूडा घास लगाने का पूरा खर्च वहन किया है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड एवं झारखंड राज्य क्रिकेट संघ ने अपने सभी घरेलू मैदानों पर घास लगाने की सलाह
पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड एवं झारखंड राज्य क्रिकेट संघ ने अपने सभी घरेलू मैदानों पर बारमुडा सेलेक्शन वन घास लगाने की सलाह दी है ताकि विकेट तेज गेंदबाजों को मदद पहुंचा सके। ज्ञातव्य हो कि भारत के सभी घरेलू विकेट अमूमन बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग साबित होते रहे हैं और इस कारण हमारे बल्लेबाज तेज गेंदबाजों को मदद देने वाले विकेटों पर अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पाते।
कोलकाता से लाया गया बारमूडा सेलेक्शन वन घास बल्लेबाजों के लिए वरदान साबित होगा
चाईबासा का बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम का विकेट भी इससे अछूता नहीं है जो सामान्यतः बल्लेबाजों के लिए वरदान साबित होता रहा है। अभी पिछले सत्र में ही इस विकेट पर लगभग सात सौ रन एक दिन में बने थे। जिला क्रिकेट संघ के महासचिव ने बताया कि बारमूडा सेलेक्शन वन घास को सड़क मार्ग द्वारा कोलकाता से लाया गया है। लगभग तीन दिनों तक झारखण्ड राज्य क्रिकेट संघ के पिच क्यूरेटरों की देखरेख में स्थानीय मजदूरों के सहयोग से घास लगाने का कार्य पूर्ण हुआ है। इस घास के बेहतर संवर्धन के लिए अगले एक माह तक किसी भी प्रकार की गतिविधि विकेट पर नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई है। आशा है कि पश्चिमी सिंहभूम टी -20 लीग से पहले तीनों मुख्य विकेट तैयार हो जाएगा और तेज गेंदबाजों को इससे अच्छी मदद मिलेगी।
Read Also West singhbhum News : सारंडा-लोहांचल में मूसलाधार बारिश से जलभराव, बड़ाजामदा में बाढ़ जैसे हालात

