Home » Gumla News: मछली खरीदने खरका पुल पहुंचे युवकों की बाइक नीचे गिरी, दो युवकों की मौत, एक ने कूदकर बचाई जान

Gumla News: मछली खरीदने खरका पुल पहुंचे युवकों की बाइक नीचे गिरी, दो युवकों की मौत, एक ने कूदकर बचाई जान

हेलमेट नहीं पहनने से सिर में गंभीर चोट

by Mujtaba Haider Rizvi
Gumla Kharka Bridge Bike Accident
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Gumla : गुमला सदर थाना क्षेत्र के बड़काडीह गांव निवासी 25 वर्षीय मंगरा उरांव और 24 वर्षीय चरकू उरांव की मंगलवार को खरका पुल से बाइक सहित नीचे गिरने के कारण मौत हो गई। वहीं, उनके साथ बाइक पर सवार सूरज उरांव ने समय रहते बाइक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। उसे मामूली चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बड़काडीह की ओर जा रहे थे। रास्ते में मंगरा उरांव ने मछली खाने की इच्छा जताई, जिसके बाद तीनों खरका की ओर मछली खरीदने के लिए चले गए। खरका पुल के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। हादसे में मंगरा उरांव और चरकू उरांव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सूरज उरांव ने बाइक से कूदकर अपनी जान बचा ली।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे सदर अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मंगरा उरांव और चरकू उरांव को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल सूरज उरांव का प्राथमिक उपचार किया गया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। दुर्घटना में मंगरा उरांव और चरकू उरांव के सिर में गंभीर चोटें आईं, जो उनकी मौत का मुख्य कारण बनीं। यदि हेलमेट पहना होता तो गंभीर सिर की चोट से बचाव की संभावना अधिक रहती। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की आवश्यकता को रेखांकित करता है।

Related Articles

Leave a Comment