
चाईबासा : सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से भेंट कर अपने संसदीय क्षेत्र की लंबित सड़क और बुनियादी ढांचा से जुड़ी मांगों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने क्षेत्र के विकास और आम लोगों की सुविधा के लिए अटके हुए प्रोजेक्ट्स पर जल्द निर्णय लेने का अनुरोध किया।
चक्रधरपुर-राउरकेला सड़क चौड़ीकरण पर दिया जोर
सांसद ने एनएच-320डी के तहत चक्रधरपुर से राउरकेला तक करीब 106 किमी लंबी सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण की मांग दोबारा उठाई। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय राजमार्ग झारखंड के चक्रधरपुर को ओडिशा के राउरकेला से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय मार्ग है। वर्तमान में कई जगहों पर सड़क तंग होने और तीखे मोड़ होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। वहीं सोनुवा, गोईलकेरा, पोसैता और मनोहरपुर जैसे घनी आबादी वाले बाजारों में रोजाना जाम लगता है, जिससे आम नागरिकों के साथ मालवाहक वाहनों को भी परेशानी होती है। सांसद ने मंत्री से आग्रह किया कि जनहित और इलाके के विकास को देखते हुए एनएच-320डी को प्राथमिकता के आधार पर चौड़ा किया जाए। साथ ही इन चारों बाजार क्षेत्रों में यातायात को सुचारू बनाने के लिए फ्लाईओवर या बाईपास बनाने की मंजूरी दी जाए। उन्होंने कहा कि इस सड़क के बन जाने से टाटानगर और राउरकेला जैसे दो बड़े औद्योगिक शहरों के बीच आवागमन आसान होगा। इसके अलावा बीजू एक्सप्रेस-वे से बेहतर जुड़ाव होने पर पूरे आदिवासी अंचल में व्यापार, उद्योग और आर्थिक गतिविधियों को नया बल मिलेगा।
रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण की भी उठाई मांग
इसके साथ ही सांसद ने सिंहपोखरिया-झींकपानी, झींकपानी-तालाबुरु और तालाबुरु-केंदपोसी रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर प्रस्तावित रेल ओवर ब्रिज बनाने का मुद्दा भी मंत्री के सामने रखा और इन योजनाओं को शीघ्र स्वीकृत करने की मांग की। उल्लेखनीय है कि सांसद जोबा माझी पहले भी इन्हीं मुद्दों को लेकर केंद्रीय मंत्री गडकरी से मिल चुकी हैं। इस बार फिर मांग उठाए जाने से क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि सड़क और यातायात से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को जल्द हरी झंडी मिलेगी।

