Home » West Singhbhum News : जंगल, जल और जमीन हमारी सबसे अनमोल पूंजी : सांसद जोबा माझी

West Singhbhum News : जंगल, जल और जमीन हमारी सबसे अनमोल पूंजी : सांसद जोबा माझी

 गोइलकेरा में 77वां वन महोत्सव मनाया गया, सांसद-विधायक ने दिया पर्यावरण बचाने का संदेश।

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : कोल्हान वन प्रमंडल के तत्वावधान में रविवार को गोइलकेरा प्लस टू हाई स्कूल परिसर में 77वां वन महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सिंहभूम सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि और मनोहरपुर विधायक जगत माझी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कोल्हान वन प्रमंडल पदाधिकारी कुलदीप मीणा भी मौके पर मौजूद रहे।

पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल के छात्र-छात्राओं के पारंपरिक आदिवासी नृत्य और स्वागत गीत से हुई। इसके बाद सांसद, विधायक और अन्य अतिथियों ने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया। इस दौरान लाभुक ग्रामीणों के बीच सरकारी योजनाओं की परिसंपत्तियां भी वितरित की गईं।

प्रकृति का संतुलन जरूरी : सांसद

सांसद जोबा माझी ने कहा कि जंगल, जल और जमीन हमारी सबसे बड़ी धरोहर हैं। प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए वनों की रक्षा बेहद जरूरी है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और जंगलों के घटने से पर्यावरण पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सिर्फ पौधे लगाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि लगाए गए पौधों की देखभाल भी करनी होगी। हर व्यक्ति अपने घर, खेत, स्कूल और सार्वजनिक जगहों पर ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाए ताकि आने वाली पीढ़ियों को साफ और हरा-भरा माहौल मिल सके।

वन जीवन का आधार हैं : विधायक

विधायक जगत माझी ने कहा कि वन सिर्फ पेड़ों का झुंड नहीं हैं, ये जीवन का आधार हैं। जंगल हमें शुद्ध हवा, पानी, दवाइयां और जैव विविधता देते हैं। पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार की योजनाओं से नहीं होगी, इसमें जनता की भागीदारी सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर हर व्यक्ति साल में एक पौधा लगाकर उसकी रक्षा का संकल्प ले तो पूरे क्षेत्र को हरियाली से भरा जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों और विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे जंगल की आग, अवैध कटाई और अतिक्रमण रोकने में प्रशासन का सहयोग करें।

जागरूकता बढ़ाना है उद्देश्य – DFO

डीएफओ कुलदीप मीणा ने कहा कि वन महोत्सव का मकसद लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना और बड़े पैमाने पर पौधरोपण को बढ़ावा देना है। पौधे लगाना तभी सफल होगा जब उनकी नियमित देखरेख हो।कार्यक्रम में वन क्षेत्र पदाधिकारी रामनंदन राम ने स्वागत भाषण दिया और वनरक्षी शिव कुमार महतो ने संचालन किया।

मौजूद रहे गणमान्य

इस अवसर पर बीडीओ विवेक कुमार, प्रखंड प्रमुख निरूमणी कोड़ाह, जिला परिषद सदस्य ज्योति मेराल, शिव रतन नायक, झामुमो नेता अकबर खान, सेवानिवृत्त रेंजर परमानंद रजक सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मी, शिक्षक, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और ग्रामीण उपस्थित थे।

Read Also Chaibasa News : कोल्हान विश्वविद्यालय की विभिन्न समस्याओं को लेकर सांसद व विधायक से मिले छात्र प्रतिनिधि

Related Articles

Leave a Comment