
रांची : झारखंड सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रथम अनुपूरक बजट (अनुपूरक व्यय विवरणी) को अंतिम रूप देने में जुट गई है। आगामी झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र में इसे पेश किए जाने की तैयारी है। वित्त विभाग के निर्देश पर सभी विभागों से अतिरिक्त बजटीय प्रावधान संबंधी प्रस्ताव मांगे गए थे। कई विभागों ने विभागीय मंत्री की मंजूरी के बाद अपने प्रस्ताव मंत्रिमंडल सचिवालय के माध्यम से सरकार को भेज दिए हैं।
वित्त विभाग के संयुक्त सचिव-सह-बजट पदाधिकारी चंद्रभूषण प्रसाद द्वारा जारी निर्देश के अनुसार अनुपूरक बजट में केंद्र प्रायोजित एवं केंद्रीय सेक्टर योजनाओं में हिस्सेदारी में बदलाव, केंद्र से प्राप्त राशि के अनुरूप अतिरिक्त प्रावधान, राज्यांश एवं टॉप-अप राशि, मुख्य बजट की त्रुटियों में सुधार, स्थापना व्यय तथा अन्य अत्यावश्यक एवं आकस्मिक जरूरतों से जुड़े प्रस्ताव शामिल किए जा रहे हैं। प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर वित्त विभाग प्रथम अनुपूरक व्यय विवरणी को अंतिम रूप दे रहा है। इसके बाद इसे मंत्रिमंडल की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा और मंजूरी मिलने के बाद आगामी विधानसभा के मानसून सत्र में पेश किया जाएगा।

