
नई दिल्ली/रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से अलग-अलग शिष्टाचार मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार राज्यपाल ने प्रधानमंत्री को झारखंड की वर्तमान परिस्थितियों और विकास कार्यों की जानकारी दी, वहीं, उपराष्ट्रपति को अपने दो वर्षों के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक ‘संवाद से विश्वास’ की प्रति भेंट की। लोकभवन और प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से इन शिष्टाचार भेंटों की जानकारी साझा की गई।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी ‘एक्स’ पर दोनों नेताओं की मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए इस शिष्टाचार भेंट की जानकारी दी। हालांकि बैठक के संबंध में विस्तृत एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से भी की शिष्टाचार मुलाकात
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद राज्यपाल संतोष गंगवार ने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से भी शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने उपराष्ट्रपति को झारखंड लोकभवन द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘संवाद से विश्वास’ की प्रति भेंट की।
‘संवाद से विश्वास’ पुस्तक में दर्ज हैं दो वर्षों की प्रमुख पहलें
लोकभवन के अनुसार, ‘संवाद से विश्वास’ पुस्तक राज्यपाल के कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों और पहलों का दस्तावेज है। इसमें सुशासन, जनसंवाद, सामाजिक सहभागिता, शिक्षा, जनकल्याण और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों से जुड़े प्रयासों को विस्तार से शामिल किया गया है।

