
चक्रधरपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी सभागार में शनिवार को पेंशनर एसोसिएशन का चौथा वार्षिक आम सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सीनियर डीपीओ डॉ. ऋषभ सिन्हा मौजूद रहे।
टीएमएच और अपोलो से हुआ स्वास्थ्य सेवा समझौता नवीकृत: डीआरएम
मुख्य अतिथि डीआरएम तरुण हुरिया ने कहा कि पेंशनरों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पेंशनरों और रेलकर्मियों की स्वास्थ्य सुविधा के लिए चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल का टीएमएच के साथ मेडिकल एग्रीमेंट का नवीनीकरण किया गया है। इसी तरह राउरकेला में रेलकर्मियों के इलाज के लिए रेलवे अस्पताल और अपोलो अस्पताल के बीच समझौता किया गया है। उन्होंने कहा कि रेल प्रशासन का प्रयास है कि पेंशनरों को समय पर पेंशन मिले और चिकित्सा सुविधाओं में किसी तरह की परेशानी न हो। चक्रधरपुर में पेंशनर एसोसिएशन द्वारा इतने बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाना सराहनीय है। डीआरएम ने एसोसिएशन को हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम की झलक
सम्मेलन का संचालन एसोसिएशन के सचिव समीरन मुखर्जी ने किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप कुमार पांडा सहित झारसुगुड़ा, राउरकेला, डांगोवापोसी आदि शाखाओं के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे। कार्यक्रम में रेल प्रशासन के अन्य अधिकारी भी शामिल हुए। पेंशनरों ने इस पहल पर खुशी जताई और स्वास्थ्य तथा पेंशन संबंधी मुद्दों पर चर्चा की।

