
पलामू : झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत सतबरवा थाना क्षेत्र में एनएच पर काम कर रहे दो मजदूरों को अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना 20 अगस्त 2026 की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। फायरिंग के बाद अपराधी बाइक से फरार हो गए। घायल मजदूरों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी अजय हांसदा और संजय हांसदा के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज-अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया।
बताया जाता है कि दोनों मजदूर एनएच निर्माण कार्य से जुड़े हुए थे और रात में घटनास्थल पर मौजूद थे। इसी दौरान बाइक पर सवार कुछ अपराधी वहां पहुंचे। अपराधियों ने मजदूरों से माचिस मांगी। मजदूरों ने माचिस नहीं होने की बात कही। इसके बाद अपराधियों ने अचानक दोनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े।
घायल मजदूरों के अनुसार, अजय हांसदा को पांच गोलियां, जबकि संजय हांसदा को तीन गोलियां लगी हैं। घटना के बाद वहां मौजूद अन्य मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों ने दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज-अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया। रिम्स में इलाज के बाद भी अजय हांसदा की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही सतबरवा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाते हुए अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि फायरिंग के पीछे अपराधियों का उद्देश्य क्या था।


