
चाईबासा : केंद्र सरकार के खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। इसको लेकर रविवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर वन विश्रामागार में झामुमो पश्चिमी सिंहभूम जिला समिति की एक आवश्यक बैठक जिलाध्यक्ष सोनाराम देवगम की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य रूप से झारखंड सरकार के मंत्री सह चाईबासा विधायक दीपक बिरुवा, मझगांव विधायक निरल पूर्ति, चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव और मनोहरपुर विधायक जगत मांझी उपस्थित रहे।
बैठक में तय किया गया कि केंद्रीय समिति के निर्देशानुसार पार्टी कार्यकर्ता 6 सितंबर तक पूरे जिले में घर-घर जाकर जनजागरण अभियान चलाएंगे। इस दौरान लोगों को खनिज संशोधन कानून के प्रावधानों और झारखंड के अधिकारों पर पड़ने वाले असर के बारे में जानकारी दी जाएगी। नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार इस कानून के माध्यम से खनिज संपदा पर राज्य के अधिकारों को कमजोर कर झारखंड के हितों को नुकसान पहुंचाना चाहती है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 7 सितंबर को पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा। पार्टी नेताओं ने सभी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
इसके साथ ही बैठक में 8 सितंबर को आयोजित होने वाले गुवा शहीद दिवस की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। शहीद दिवस कार्यक्रम में जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर रणनीति बनाई गई।
बैठक में जिला सचिव राहुल आदित्य, जिला उपाध्यक्ष दीपक प्रधान, इकबाल अहमद, प्रेम मुंडारी, मन्नाराम कुदादा, विश्वनाथ बोरा, बंदना उरांव, अभिषेक कुमार सिंकू, कालटेन शीहन समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।


