
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के सोसोपी-तेंतडोपोसी पथ पर सोमवार को घटे एक दर्दनाक हादसे में एक बाइक सवार किशोर की जान चली गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक की स्थिति अत्यंत नाजुक बताई जा रही है।
आधार कार्ड बनवाकर लौट रहे थे तीनों दोस्त
प्राप्त जानकारी के अनुसार नोवामुंडी थाना क्षेत्र स्थित तोड़ेतोपा गांव के निवासी बुधराम बरजो (17), महेंद्र बरजो (16) और सिद्धू बरजो एक ही मोटरसाइकिल से आधार संबंधी कार्य पूरा कराने जगन्नाथपुर आए हुए थे। काम निपटाने के उपरांत तीनों युवक बाइक से अपने गांव वापस लौट रहे थे।
पेड़ से टकराई बेकाबू बाइक
वापसी के क्रम में सोसोपी-तेंतडोपोसी मार्ग पर बुढ़ाकमान के समीप उनकी मोटरसाइकिल एकाएक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर लूलूहान हो गए।
अस्पताल पहुंचते ही एक को मृत घोषित किया
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों की मदद से घायलों को जगन्नाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के उपरांत 16 वर्षीय महेंद्र बरजो को मृत घोषित कर दिया। वहीं सिद्धू बरजो की नाजुक हालत को देखते हुए उनका इलाज जारी है, जबकि बुधराम बरजो को मामूली चोटें आई हैं।
गांव में पसरा सन्नाटा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सीएचसी पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोर की असमय मौत से तोड़ेतोपा गांव में शोकाकुल माहौल है। पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने न दें और यात्रा के दौरान हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें।

