Home » Chaibasa News : चाईबासा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मजदूरों के कमरे से चुराए 13 मोबाइल बरामद, आरोपी गया जेल

Chaibasa News : चाईबासा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मजदूरों के कमरे से चुराए 13 मोबाइल बरामद, आरोपी गया जेल

सुकफिल शेख ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 अगस्त की रात सभी मजदूर खाना खाकर सोए थे। तड़के लगभग 3 बजे जब एक मजदूर उठा, तो पाया कि चार्जिंग पर लगाए गए 8 मोबाइल गायब

by Rajeshwar Pandey
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले की जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तोडांगहातु गांव में हुई एक बड़ी मोबाइल चोरी का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ाजामदा के रहने वाले 19 वर्षीय आरोपी विकास प्रसाद को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए कुल 13 मोबाइल फोन (12 स्मार्टफोन और 1 कीपैड फोन) बरामद किए गए हैं। पुलिस ने गुरुवार को आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए चाईबासा जेल भेज दिया।

घटना का विस्तृत विवरण देते हुए जगन्नाथपुर एसडीपीओ ने झींकपानी स्थित अपने कार्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि पश्चिम बंगाल (मुर्शिदाबाद) निवासी सुकफिल शेख रेलवे में पेटी कॉन्ट्रैक्टर के रूप में कार्यरत हैं। वे अपने मजदूरों के साथ तोडांगहातु में किराए का मकान लेकर रहते हैं।

25 अगस्त को सुकफिल शेख ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 अगस्त की रात सभी मजदूर खाना खाकर सोए थे। तड़के लगभग 3 बजे जब एक मजदूर उठा, तो पाया कि चार्जिंग पर लगाए गए 8 मोबाइल गायब हैं। काफी खोजबीन के बाद भी जब फोन नहीं मिले, तो पुलिस में मामला दर्ज कराया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित रेणु के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। चाईबासा पुलिस की टेक्निकल सेल की मदद से सर्विलांस और लोकेशन ट्रेस करते हुए पुलिस ने बड़ाजामदा बस स्टैंड के पास छापेमारी कर विकास प्रसाद को धर दबोचा। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या संदिग्ध आचरण की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, आपातकालीन सेवा डायल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9508243546 पर दें। पुलिस को सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

इस सफल छापेमारी अभियान में जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास, सब-इंस्पेक्टर अभिमन्यु कुमार, राजेश कुमार राय, अभय कुमार और टेक्निकल सेल के जवान मुख्य रूप से शामिल थे।

Read Also Chaibasa News : चाईबासा में स्कूली छात्राओं ने 174 बटालियन के जवानों संग मनाया रक्षाबंधन, भावुक हुए सैनिक

Related Articles

Leave a Comment