
पाकुड़: जिले के अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार में बुधवार को कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए बेखौफ अपराधियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। हथियारबंद बदमाशों ने ‘किशुन वर्मा ज्वेलर्स’ नाम की दुकान पर धावा बोलकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। वारदात के समय लुटेरों ने इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग भी की और आराम से फरार हो गए।
स्टाफ को लिया गनपॉइंट पर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चेहरे पर नकाब बांधकर आए तीन हथियारबंद लुटेरे अचानक दुकान के अंदर घुसे। उन्होंने आते ही पिस्टल तानकर दुकानदार और वहां मौजूद कर्मचारियों को डराना-धमकाना शुरू कर दिया।
जब तक कोई कुछ समझ पाता या विरोध करता, बदमाशों ने दुकान में रखे लाखों के जेवरात समेट लिए। भागते वक्त उन्होंने दहशत पैदा करने के लिए गोलियां भी चलाईं, जिससे पूरे अमड़ापाड़ा बाजार के व्यापारियों में भारी खौफ का माहौल है।
पुलिस महकमे में हड़कंप,एसपी पहुंचे मौके पर
दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अनुदीप सिंह और एसडीपीओ विजय कुमार खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पीड़ित दुकानदार से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। फिलहाल पीड़ित कारोबारी लुटे गए कुल जेवरातों की कीमत का आकलन करने में जुटा है।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस,जल्द गिरफ्तारी का दावा
घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने के लिए इलाके की नाकेबंदी कर दी है और संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों का सुराग मिल सके।
एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि तीन नकाबपोशों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजेगी।
Read Also: Ranchi Crime: रांची के हिंदपीढ़ी में नशे के तस्कर को पकड़ने गई पुलिस पर हमला, टाइगर मोबाइल का जवान घायल

