
Jamshedpur : छोटा गोविंदपुर स्थित विवेक विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक कल्याण, सहानुभूति और समय पर सहयोग के महत्व को लेकर जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से लोगों को मानसिक तनाव एवं भावनात्मक समस्याओं के समय संवाद और सहयोग की आवश्यकता के प्रति जागरूक किया गया।
रैली से पूर्व विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील रहने, दूसरों की भावनाओं को समझने तथा जरूरतमंद व्यक्ति की मदद करने की शपथ ली। इसके बाद जीवन संस्था के स्वयंसेवकों की सहभागिता में जागरूकता रैली निकाली गई। हाथों में संदेशपरक पोस्टर लिए विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े जागरूकता नारों के माध्यम से लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
रैली के दौरान विद्यार्थियों की ओर से प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। नाटक के माध्यम से मानसिक तनाव, भावनात्मक चुनौतियों और ऐसे समय में परिवार, मित्रों एवं समाज की भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि मानसिक परेशानी से जूझ रहे व्यक्ति की बात सुनना, उसे समझना और समय पर सहयोग देना बेहद जरूरी है।
विद्यालय प्राचार्य अवधेश सिंह ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य समग्र स्वास्थ्य का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं के लिए ऐसा वातावरण तैयार करने की आवश्यकता है, जहां वे बिना किसी संकोच के अपनी भावनाओं और समस्याओं को साझा कर सकें। किसी व्यक्ति को अकेला महसूस न होने देना और जरूरत के समय उसकी बात ध्यानपूर्वक सुनना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जागरूकता, सहानुभूति और समय पर सहयोग किसी व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक, संवेदनशील और सहयोगी बनने का संदेश दिया गया। विद्यालय परिवार ने कहा कि सुनना, समझना और साथ देना ही स्वस्थ एवं संवेदनशील समाज की मजबूत नींव है।

