
Jamshedpur : निखार सबलोक हत्याकांड में चांडिल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में संलिप्त कुख्यात अपराधी अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बजाज एवेंजर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और एक लोडेड देशी पिस्तौल बरामद की गई है। सिंटू सिंह पर आरोप है कि उसने यूपी से बुलाए गए सुपारी किलर को मानगो में ठहराया था।
मंगलवार को चांडिल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शिव प्रकाश कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार किया गया था। पिस्तौल में एक जिंदा कारतूस भी मिला है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
24 अगस्त को हुई थी हत्या
गौरतलब है कि 24 अगस्त को चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी स्थित ‘टेंथ माइल स्टोन’ के समीप 33 वर्षीय होटल कारोबारी निखार सबलोक को गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में उसे जमशेदपुर के टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी के निर्देश पर सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम पुलिस की संयुक्त विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए रांची से घटना में प्रयुक्त लाल रंग की हुंडई आई-10 कार भी बरामद की थी।
अब तक सात आरोपित जेल भेजे गए
पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड में अब तक कुल सात आरोपितों को जेल भेजा जा चुका है। इससे पहले 2 सितंबर को अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव, सुनील रजक, रितेश सिंह, सुशील केराई, राजकुमार सिंह उर्फ प्रिंस और अंकित सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। उनके पास से हत्या में प्रयुक्त दो पिस्टल भी जब्त की गई थीं। एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने बताया कि अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ बोडाम, मानगो, उलीडीह और आदित्यपुर थानों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में शामिल अन्य फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
Read also Jamshedpur News : सोहदा में ‘प्रगति 2026’ करियर काउंसलिंग सत्र में छात्रों को दिए सफलता के मंत्र

