
Jamshedpur : जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) इलाके में पार्किंग में खेल हो रहा है। शहर के आठ पार्किंग समूह में से चार की ही बंदोबस्ती हुई है। बाकी चार पार्किंग समूह में जेएनएसी के कर्मचारी ही शुल्क वसूली कर रहे हैं। इन पार्किंग समूहों की बंदोबस्ती क्यों नहीं हुई इसे लेकर तमाम बातें कही जा रही हैं। इन्हीं को लेकर शहर में राजनीतिक घमासान भी चल रहा है। राजनीति में एक दूसरे के धुर विरोधी माने जाने वाले नेता एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं। पार्किंग वसूली को लेकर बड़े बड़े आरोप लगाए जा रहे हैं, लेकिन मामले की अब तक जांच नहीं कराई गई है।
शहर में तकरीबन छह महीने से पार्किंग शुल्क वसूली का मुद्दा गर्माया हुआ है। आरोप है कि कुछ नेता इसमें शामिल हैं और जेएनएसी से मिल कर अंदरखाने खेल चल रहा है। कहा जा रहा है कि इसी वजह से इन चार इलाकों में अब तक बंदोबस्ती नहीं की गई है।
पार्किंग शुल्क संग्रहण को लेकर नगर आयुक्त ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि निर्धारित पार्किंग स्थलों पर शुल्क संग्रहण विभागीय स्तर पर और अधिकृत वेंडर के माध्यम से किया जा रहा है।
जेएनएसी ने जारी किया स्पष्टीकरण
साकची और बिष्टुपुर क्षेत्र के कुल 8 पार्किंग समूहों में से 4 की बंदोबस्ती नहीं हो सकी है। इन समूहों में फिलहाल राजस्व हित में विभागीय स्तर पर शुल्क संग्रहण जारी है। वहीं, शेष 4 पार्किंग समूहों में साकची के 3 और बिष्टुपुर के 1 समूह का संचालन बंदोबस्ती के माध्यम से अधिकृत वेंडर कर रहे हैं।
नगर आयुक्त ने बताया कि जिन 4 समूहों की बंदोबस्ती नहीं हो पाई है, उनकी नियमानुसार बंदोबस्ती की कार्रवाई जल्द पूरी की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि पार्किंग शुल्क या व्यवस्था से संबंधित किसी भी असुविधा अथवा सुझाव के लिए JNAC हेल्पलाइन नंबर 079-70625111 पर संपर्क करें।
Read also – Jamshedpur Crime : उलीडीह में निर्माणाधीन बिल्डिंग में रंगदारी मांगने का आरोप, तीन गिरफ्तार

