
Jamshedpur : सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाया। उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर एसडीएम धालभूम के नेतृत्व में डिमना चौक से बड़ाबांकी तक यह कार्रवाई की गई।
अभियान में डीटीओ, डीएसपी ट्रैफिक, एमवीआई, सड़क सुरक्षा टीम और पुलिस बल शामिल रहे। टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे नो-पार्किंग क्षेत्र और अन्य प्रतिबंधित स्थानों पर खड़े वाहनों की जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 72 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई और उनसे 3 लाख 90 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
प्रशासन के मुताबिक, सड़क के किनारे अनधिकृत तरीके से वाहन खड़ा करने से यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग समेत जिले के अन्य प्रमुख मार्गों पर अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया है।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क किनारे वाहन खड़ा करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करें और यातायात नियमों का पालन करें।
Read Also: Jamshedpur News : टाटा स्टील फाउंडेशन कर्मचारियों को मिलेगा 57 हजार रुपये परफॉर्मेंस रिवॉर्ड

