
चक्रधरपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत बड़ाजामदा रेल फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर नोवामुंडी भाग-1 की जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी ने बुधवार को चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम को मांग पत्र सौंपा। उन्होंने जनहित में ओवरब्रिज को प्राथमिकता से बनाने और स्टेशन के पास मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाने की मांग की।
मांग पत्र में उन्होंने कहा कि बड़ाजामदा रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण रेलवे द्वारा कराया जा रहा है। स्टेशन के बाहर मुख्य सड़क किरीबुरु और गुवा की ओर जाती है और खनन क्षेत्र से जुड़ी होने के कारण यहां वाहनों का दबाव काफी अधिक रहता है। ओडिशा से आने वाली सड़क भी इसी मार्ग से जुड़ती है। ऐसे में फाटक बंद होते ही मुख्य सड़क पर लंबा जाम लग जाता है।
देवकी कुमारी ने कहा कि फाटक बंद रहने से आम लोगों के साथ-साथ मरीज, छात्र और अन्य लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ती है। इस रेल मार्ग से रोज बड़ी संख्या में मालगाड़ियां गुजरती हैं, जिससे फाटक अधिकतर समय बंद रहता है। इस समस्या को लेकर पहले भी मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने स्टेशन के पास दुकानें हटाए जाने से प्रभावित छोटे व्यापारियों के लिए मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाने का भी आग्रह किया।
इससे पहले डीआरएम ने बड़ाजामदा रेलवे साइडिंग और अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने गुवा रेलवे साइडिंग का भी निरीक्षण किया।

