Home » Jamshedpur News : टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में बाघ के तीन शावकों का जन्म, नाम सुझाने का मिला मौका

Jamshedpur News : टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में बाघ के तीन शावकों का जन्म, नाम सुझाने का मिला मौका

दो मादा और एक नर शावक का जन्म, 19 अक्टूबर तक भेज सकते हैं नाम, विजेताओं को मिलेगा निःशुल्क प्रवेश पास और स्मृति चिह्न

by Arvind Shrivastava
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क (टीएसजेडपी), जमशेदपुर में बाघिन सुनैना ने तीन शावकों को जन्म दिया है। इनमें दो मादा और एक नर शावक शामिल हैं। तीनों का जन्म 23 सितंबर 2026 की सुबह हुआ। शावकों के पिता रुद्र को नागपुर स्थित गोरेवाड़ा रेस्क्यू सेंटर से टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क लाया गया था। चिड़ियाघर प्रबंधन ने शुरुआती देखभाल और निगरानी के बाद इसकी जानकारी साझा की है।

पहली बार मां बनी सुनैना, एक शावक को लगी चोट

पहली बार मां बनी सुनैना से अनजाने में एक मादा शावक को चोट लग गई। चिड़ियाघर के डॉक्टरों ने तत्काल उपचार करते हुए उसके घाव पर टांके लगाए। फिलहाल शावक की हालत में सुधार हो रहा है। उसका वजन लगभग 1.8 किलोग्राम है। वह खतरे से बाहर है, हालांकि डॉक्टर उसकी सेहत पर लगातार नजर रख रहे हैं।

वहीं, अन्य दोनों शावक स्वस्थ हैं। नर शावक का वजन करीब 2.9 किलोग्राम और दूसरी मादा शावक का वजन लगभग 2.53 किलोग्राम है। तीनों की सेहत और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चिड़ियाघर की पशु चिकित्सा टीम लगातार निगरानी कर रही है। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

नामकरण प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील

बाघ परिवार में नए सदस्यों के आगमन की खुशी को शहरवासियों के साथ साझा करने और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क ने नामकरण प्रतियोगिता शुरू की है। इसके तहत लोगों से तीनों शावकों के लिए एक-एक नाम सुझाने की अपील की गई है।

इच्छुक लोग अपने सुझाव व्हाट्सऐप या मैसेज के माध्यम से +91 9438291637 पर भेज सकते हैं। चिड़ियाघर की ओर से गठित टीम प्राप्त सुझावों में से तीन सर्वश्रेष्ठ नामों का चयन करेगी। चयनित विजेताओं को चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश पास और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा।

नाम भेजने की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर 2026 है।

चिड़ियाघर प्रबंधन को उम्मीद है कि जमशेदपुर के लोग इस पहल में उत्साहपूर्वक भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता के माध्यम से शहरवासियों को बाघ के नन्हे शावकों के नामकरण से जुड़ने के साथ वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा।

Related Articles

Leave a Comment