
Jamshedpur : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। सतबोहनी स्थित साई कृष्णा हेवन सिटी के फ्लैट नंबर 515 से कथित तौर पर गिरने से 18 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। मृतका की पहचान सतबोहनी निवासी खुशबू कुमारी के रूप में हुई है।
बताते हैं कि खुशबू अचानक साई कृष्णा हेवन सिटी पहुंची थी। उसने परिसर के गार्ड को फ्लैट नंबर 515 में एक परिचित से मिलने की बात कही, जिसके बाद वह फ्लैट में गई। कुछ देर बाद उसके नीचे गिरने की सूचना मिली। घटना के बाद आवासीय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के परिजन भी वहां पहुंच गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि खुशबू फ्लैट नंबर 515 में किससे मिलने गई थी और वहां पहुंचने के बाद आखिर क्या हुआ।
पुलिस फ्लैट में मौजूद लोगों और अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है। घटना से पहले फ्लैट के भीतर क्या परिस्थितियां थीं और किशोरी नीचे कैसे गिरी, इसकी भी बारीकी से जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस मामले को आत्महत्या के एंगल से भी देख रही है, लेकिन हत्या या किसी अन्य आशंका से भी इनकार नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Read also Dhanbad Land Subsidence: भूधंसान से फिर दहला धनबाद का छाताबाद, काजू बागान में बना खौफनाक गड्ढा

