सेंट्रल डेस्क। Delhi CM Oath ceremony: आम आदमी पार्टी (AAP) की नेता आतिशी कल नए CM के तौर पर शपथ लेने वाली है। 21 सितंबर को उपराज्यपाल वी के सक्सेना की मौजूदगी में शपथ ग्रहण करेंगी। गौरतलब है कि आतिशी सरकार के शेष कार्यकाल के लिए सरकार का नेतृत्व करेंगी। कहा जा रहा है कि आतिशी का शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में किया जाएगा।
कैबिनेट में मुकेश अहलावत को किया जा सकता है शामिल
आतिशी के साथ ही 5 अन्य मंत्री भी शपथ लेंगे, जिनमें मुकेश अहलावत का नाम भी शामिल है। अहलावत के अलावा गोपाल राय, कैलाश गहलोत, सौरभ भारद्वाज औऱ इमरान हुसैन भी कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। अहलावत पर पार्टी ने दलित चेहरे के रुप में दांव लगाया है। सभी मंत्रियों को आतिशी सरकार में जगह दी जा सकती है।
दिल्ली की सबसे कम उम्र की सीएम बनेगी आतिशी
उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अऱविंद केजरीवाल का इस्तीफा भेजा था। साथ ही उन्होंने 21 सितंबर को दिल्ली में नई सरकार के गठन का भी प्रस्ताव भेजा था। शपथ से पहले बीजेपी ने आप पर निशाना साधते हुए कहा है कि ये बिल्कुल वैसा ही है, जैसे सोनिया गांधी ने मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाया था, न कि प्रणव मुखर्जी को। बता दें कि आतिशी शीला दीक्षित और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री होंगी। साथ ही वे दिल्ली की सबसे कम उम्र (43) की सीएम भी होंगी।

