
चाईबासा : मतदाता सूची की शुचिता, प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा और सम्पूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर सोमवार को चाईबासा की सड़कों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह विधायक सोनाराम सिंकु के नेतृत्व में दोपहर ठीक बारह बजे कांग्रेस भवन से एक विशाल मार्च निकाला गया, जो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुराना उपायुक्त कार्यालय पहुंचा।
प्रमुख मार्गों से गुजरा मार्च, जमकर हुई नारेबाजी
यह मार्च कांग्रेस भवन से शुरू होकर शहीद पार्क चौक, टैगोर पार्क चौक, सदर थाना चौक, मुख्य मार्ग, पोस्ट ऑफिस चौक, घंटा घर चौक और कोर्ट मार्ग होते हुए पुराना उपायुक्त कार्यालय तक पहुंचा। मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथ में तख्तियां लेकर मतदाता अधिकारों की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की।
राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा
मार्च के समापन के पश्चात कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में किए गए बदलावों की निष्पक्ष समीक्षा की जाए, मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा हो तथा संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता और जवाबदेही तय की जाए।
बिना सूचना और सुनवाई के न हटे किसी का नाम : सोनाराम सिंकु
ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण और आधारभूत कड़ी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से हटाने, नया नाम जोड़ने अथवा किसी प्रविष्टि में संशोधन करने से पहले संबंधित नागरिक को पर्याप्त सूचना, आपत्ति दर्ज कराने और अपना पक्ष रखने का प्रभावी अवसर मिलना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की।
सिंकु ने निर्वाचन आयोग की सूचना-प्रौद्योगिकी व्यवस्था, आंकड़ा प्रबंधन और केंद्रीकरण से जुड़ी प्रक्रियाओं के स्वतंत्र परीक्षण की आवश्यकता जताई। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से संबंधित सार्वजनिक रूप से उठाए जा रहे आरोपों और प्रश्नों की निष्पक्ष जांच की मांग भी रखी।
संवैधानिक संस्थाओं में जनता का विश्वास मजबूत करना लक्ष्य : धर्मेन्द्र सोनकर
कांग्रेस के जिला प्रभारी धर्मेन्द्र सोनकर ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और स्वायत्तता का सम्मान करती आई है। निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग किसी संस्था को कमजोर करने के लिए नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता के विश्वास को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही है।
उन्होंने पार्टी की मुख्य मांगों को दोहराते हुए कहा कि सार्वजनिक आरोपों की स्वतंत्र जांच हो, महत्वपूर्ण निर्णयों तथा विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान किए गए बदलावों की समीक्षा की जाए, निर्वाचन आयोग की आईटी व्यवस्था का स्वतंत्र परीक्षण हो और प्रत्येक मतदाता को प्रभावी सूचना व सुनवाई का अधिकार मिले।
मार्च में वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति
इस विशाल मार्च एवं प्रदर्शन में जिले भर से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। उपस्थित प्रमुख लोगों में वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी पूर्व विधायक देवेन्द्र नाथ चाम्पिया, प्रदेश सचिव मायाधर बेहरा, चंद्रशेखर दास, रईस रिजवी छब्बन, राम सिंह सावैयां, संयुक्त सचिव नितिमा बारी, अमित राय, जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय। प्रकोष्ठ एवं मोर्चा अध्यक्ष ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष रंजीत यादव, कामगार जिलाध्यक्ष हसलुद्दीन खान, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा, आदिवासी कांग्रेस राष्ट्रीय समन्वयक दीनबंधु बोयपाई, युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव अविनाश कोड़ाह, यूथ इंटक जिलाध्यक्ष सुरेश सावैयां, सेवादल मुख्य संगठक लक्ष्मण हासदा, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अनीश गोप।वरिष्ठ एवं सक्रिय कांग्रेसी कैरा बिरुवा, इम्तियाज खान, बालेमा कोई, नूतन सिंकु, विपिन सिंकु, सूरज चाम्पिया, दानिश हुसैन, विजय तिग्गा, लियोनर्ड बोदरा, सुशील हेस्सा, प्रतीक कुमार, सन्नी रॉबर्ट अन्थोनी।प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, ललित दोराईबुरु, मंजीत प्रधान, सोनराम कोड़ाह, विजय सिंह सामड, सिकुर गोप, चन्द्र भूषण बिरुवा, सकारी दोंगो, सुखलाल हेमब्रम, सुरेश चन्द्र सावैयां, सीताराम गोप, मंडल अध्यक्ष सोमा पुरती, विनीत लागुरी, मकर ध्वज सरदार, दिनेश प्रधान, मथुरा लागुरी, रंजीत कोंगाडी, गोरा सिंह पुरती, रघुनाथ मुंडा इसके अलावा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लिया।
Read Also Saranda news : संदिग्ध बीमारी से दो दिनों में जेठानी-देवरानी की मौत, सारंडा के शांकोटोला में दहशत

