
रांची : झारखंड में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने और दर्ज नाम-प्रविष्टियों में सुधार के लिए अब सिर्फ दो दिन शेष हैं। दावा-आपत्ति और आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है। पात्र नागरिक ईसीआईनेट के माध्यम से या बीएलओ की सहायता से निर्धारित फॉर्म जमा कर सकते हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने पात्र नागरिकों से अंतिम तिथि का इंतजार नहीं करने और जल्द से जल्द आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में नहीं है, वे फॉर्म-6 और आवश्यक घोषणा पत्र 30 सितंबर तक जरूर जमा करें। साथ ही परिवार, मित्रों और आसपास के पात्र नागरिकों को भी आवेदन के लिए जागरूक करें, ताकि कोई पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
फॉर्म-7 देने से नाम स्वतः नहीं हटेगा
फॉर्म-7 के माध्यम से मतदाता सूची में दर्ज नाम को लेकर आपत्ति अथवा नाम विलोपित करने का आवेदन किया जा सकता है। हालांकि, केवल फॉर्म-7 जमा करने से किसी मतदाता का नाम स्वतः नहीं हटेगा। निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच और सुनवाई के बाद ही नाम विलोपन पर निर्णय लिया जाएगा।
वहीं, फॉर्म-8 के माध्यम से मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता अथवा अन्य विवरण में सुधार तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत नाम स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ, बीएलए, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों और निर्वाचन कर्मियों से भी अंतिम दो दिनों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने को कहा है।
30 सितंबर के बाद प्राप्त दावों-आपत्तियों के डिजिटाइजेशन, आवेदनों की जांच, आवश्यकतानुसार नोटिस और सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की कार्रवाई आगे बढ़ेगी।

