
35 पूजा समितियों की बैठक में उपायुक्त और एसएसपी ने दिए निर्देश, यातायात, अग्नि सुरक्षा, बिजली और ध्वनि प्रदूषण के नियमों का पालन जरूरी
दुर्गा पूजा में सुरक्षा को लेकर प्रशासन के निर्देश
रांची : दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और पूजा पंडालों में बेहतर व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। रविवार को धुर्वा स्थित मेफेयर बैंक्वेट हॉल में जगन्नाथ नगरीय दुर्गा पूजा समिति की बैठक में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने पूजा समितियों को प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर आयोजन कराने का निर्देश दिया। बैठक में 35 दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए।
उपायुक्त और एसएसपी ने पूजा समितियों से जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को विशेष प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। इसके अलावा पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम, विद्युत व्यवस्था की जांच, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित नियमों का पालन करने को कहा गया।
अधिकारियों ने कहा कि पूजा समितियां आयोजन से जुड़े किसी भी विषय में प्रशासन और पुलिस के साथ लगातार समन्वय रखें। पंडालों में श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ आपात स्थिति से निबटने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। पूजा के दौरान यातायात बाधित नहीं हो और भीड़ के कारण किसी तरह की अव्यवस्था उत्पन्न न हो, इसके लिए समितियों को आवश्यक सहयोग करने को कहा गया।
बैठक में पूजा समितियों के पदाधिकारियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। बैठक में अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, यातायात एसपी राकेश सिंह, नगर एसपी पारस राणा, सदर एसडीओ कुमार रजत सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तथा पूजा समितियों के पदाधिकारी मौजूद थे।

