रांची: पूर्वी क्षेत्रीय परिषद् की बैठक के मद्देनजर रांची शहर में ट्रैफिक और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई है। यह उच्च स्तरीय बैठक 10 जुलाई गुरुवार को राजधानी के होटल रेडिसन ब्लू में आयोजित की जा रही है, जिसमें भारत सरकार के गृह मंत्री अमित शाह, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री एवं कई विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए, रांची ट्रैफिक पुलिस ने सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक शहर में भारी और हल्के मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।
भारी वाहनों पर प्रतिबंध, छोटे मालवाहक वाहनों पर भी सीमित समय में रोक
• भारी वाहन: सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक पूर्ण प्रतिबंध।
• छोटे मालवाहक वाहन:
o सुबह 8 बजे से 11 बजे तक
o शाम 4 बजे से रात 7 बजे तक प्रवेश वर्जित।
ऑटो चालकों और यात्रियों के लिए भी जारी निर्देश
बैठक के दौरान यातायात को सुगम बनाए रखने के लिए कुछ खास मार्गों पर ऑटो संचालन भी प्रतिबंधित किया गया है।
• बिरसा चौक से सुजाता चौक के बीच
o दोपहर 12 बजे तक
o फिर दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक ऑटो का संचालन नहीं होगा।
बिग बाजार चौक से कडरू ब्रिज तक वाहनों की आवाजाही पर रोक
बैठक स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बिग बाजार चौक से कडरू ब्रिज तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। केवल प्रोटोकॉल वाहनों को ही छूट दी जाएगी।
तीन स्तरों पर पार्किंग व्यवस्था, वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित रखने के लिए पार्किंग की योजना तीन स्तरों पर की गई है:
• वरिष्ठ अधिकारियों के वाहन– होटल रेडिसन ब्लू के बेसमेंट में
• जिला स्तरीय अधिकारी– रांची क्लब परिसर में
• अन्य वाहनों के लिए– फिरायालाल मैदान में पार्किंग की व्यवस्था
रांची ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
Also Read: Ranchi Police News : सावन में श्रद्धालुओं की भीड़ से निपटने को तैयार Ranchi पुलिस, पहाड़ी मंदिर में 500 जवान तैनात

